सागर में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, ढाबे से 11.42 लाख की शराब व नगदी जब्त
सागर। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बांदरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ढाबे पर संचालित अवैध शराब कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में शराब, बीयर और लाखों रुपये की नगदी जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी खुरई प्रवीण अस्थाना के नेतृत्व में थाना बांदरी पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को 24 जून को सूचना मिली थी कि बांदरी स्थित सौरभ ढाबा में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का भंडारण और विक्रय किया जा रहा है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक शशिकांत गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ढाबे पर दबिश दी। तलाशी के दौरान ढाबे के विभिन्न स्थानों से भारी मात्रा में अवैध शराब और बीयर बरामद हुई।
कार्रवाई में पुलिस ने 1280 पाव देशी एवं अंग्रेजी शराब तथा 198 बीयर केन जब्त कीं। कुल 1478 पाव यानी 338.58 बल्क लीटर अवैध मदिरा की बरामदगी हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 22 हजार 400 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 9 लाख 20 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 11 लाख 42 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से सौरभ साहू (32) निवासी बांदरी और सुमित राय (22) निवासी पिठौरिया को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक सुमेर सिंह जगेत, उपनिरीक्षक शशिकांत गुर्जर, उपनिरीक्षक विजय पटेल, सहायक उपनिरीक्षक देवेन्द्र श्रीवास्तव, आरक्षक अविनाश मिश्रा, लोकेन्द्र यादव, राजेश यादव, जितेन्द्र गौड़, आशीष गौतम, मनीष तिवारी एवं प्रदीप शर्मा की विशेष भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और विक्रय में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


