सागर में बेकरी पर विवाद ने लिया हिंसक रूप, दुकानदार के व्यवहार पर उठे सवाल
सागर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित परकोटा वन-वे रोड की कृष्णा मिठाई एवं बेकरी दुकान में ग्राहक और दुकानदार के बीच हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद दुकानदार के व्यवहार को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, दो ग्राहक केक खरीदने दुकान पर पहुंचे थे। इसी दौरान केक के दाम और सेवा को लेकर दुकानदार व कर्मचारियों से कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुकानदार द्वारा कथित रूप से बेरुखी और तीखे लहजे में जवाब देने से विवाद बढ़ गया।
बताया जा रहा है कि बहस के दौरान स्थिति बिगड़ती चली गई और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई। घटना के समय दुकान में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए।
पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसकी जांच की जा रही है। घटना के बाद एक पक्ष ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं लोगो ने बताया कि दुकान में अनेक बार अमानक खाद्य सामग्री फूड विभाग ने जप्त कर केस बनाया हैं, फिर भी दुकानदार अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा, सूत्र बताते हैं दुकान के ऊपर ही अमानक ब्रेक आदि बनते हैं बहरहाल यह जांच का विषय हैं।
इधर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।


