केंद्रीय जेल सागर में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर एवं जेल लोक अदालत का आयोजन
सागर। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार केंद्रीय जेल सागर एवं उपजेल खुरई, रहली, बंडा में 25 अप्रैल 2026 को विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ माननीय मुख्य न्यायाधीश, म.प्र. उच्च न्यायालय, जबलपुर द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया।
केंद्रीय जेल सागर में आयोजित शिविर की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सागर श्री एम.के. शर्मा द्वारा की गई। शिविर में जेल में निरुद्ध पुरुष एवं महिला बंदियों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार दवाइयों का वितरण भी किया गया। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों द्वारा अस्थि रोग, मेडिसिन, सर्जरी, पीडियाट्रिक, चर्म रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, ईएनटी, दंत रोग, नेत्र रोग सहित विभिन्न रोगों की जांच की गई। साथ ही बंदियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
इसके उपरांत 26 अप्रैल 2026 को केंद्रीय जेल सागर में विशेष जेल लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान समझौता योग्य प्रकरणों के निराकरण हेतु विशेष बेंच का गठन कर कुल 8 प्रकरणों का निराकरण किया गया, जिससे संबंधित बंदियों को लाभ मिला।
कार्यक्रम के दौरान न्यायिक अधिकारियों, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पदाधिकारियों, चिकित्सकों एवं जेल प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


