सागर में कांग्रेस नेता का पार्टी से निष्कासन, साहू बोले हमने जवाब दिया था कार्यवाही गलत

कांग्रेस नेता का पार्टी से निष्कासन, साहू बोले हमने जवाब दिया था कार्यवाही गलत

सागर। सागर जिला कांग्रेस कमेटी ने पार्टी अनुशासन का उल्लंघन करने के आरोप में सेवादल के प्रदेश महासचिव विजय साहू को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। यह निर्णय जिला कांग्रेस कमेटी शहर के अध्यक्ष महेश जाटव और संगठन महामंत्री राजकुमार पचौरी द्वारा जारी आदेश के माध्यम से सार्वजनिक किया गया।

जारी किए गए निलंबन पत्र में बताया गया है कि कुछ दिन पहले विजय साहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी की गई जिला पदाधिकारियों की सूची को लेकर सार्वजनिक टिप्पणी की थी। पार्टी संगठन ने इस व्यवहार को अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना।

मामले को गंभीरता से लेते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव ने जिला शहर कांग्रेस कमेटी सागर को विजय साहू को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए थे। निर्देश के अनुसार नोटिस जारी किया गया और उनका जवाब प्राप्त होने के बाद पूरे मामले को जिला कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति के सामने रखा गया।

अनुशासन समिति द्वारा विचार-विमर्श के बाद जो निर्णय लिया गया, उसकी जानकारी विजय साहू को पत्र के माध्यम से भेजी गई थी। हालांकि समिति के निर्णय के अनुसार अपेक्षित कार्रवाई या पहल उनकी ओर से नहीं की गई।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद अनुशासन समिति के निर्देशों का पालन नहीं किया गया। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए जिला शहर कांग्रेस कमेटी सागर ने विजय साहू को कांग्रेस पार्टी की सदस्यता से निलंबित करने का निर्णय लिया है।

वहीं साहू का कहना हैं यह कार्यवाही पक्षपात पूर्ण की जा रही है शहर में पार्टी गुटबाजी से ग्रस्त हैं और उक्त मामले में जवाब पार्टी को पत्र के माध्यम से पूर्व में दिए जा चुके हैं मेरे द्वारा पर गुटबाजी के चलते ऐसी स्थिति बन रही हैं में पार्टी का पुराना कार्यकर्ता/विभिन्न पदों पर पदाधिकारी रहा परंतु आज शहर काँग्रेस किसी दुसरे दिशा में ही चल रही हैं ताज्जुब होता हैं चुनाव आने में काफी दिन भी नहीं बचे और पार्टी के चंद लोग ऐसा कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here