सागर में आज आएंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव,क्या क्या होंगे कार्यक्रम जाने..
सागर जिले में उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार, 11 मार्च को एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। नरयावली रोड पर जेरई के पास बने ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी परिसर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विश्वविद्यालय का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री रोजगार मेले का भी शुभारंभ करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री करीब दोपहर 1 बजकर 25 मिनट पर कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश के डिप्टी मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और संबंधित विभागों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने हेलीपैड, मंच, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग स्थल और आवागमन के मार्गों सहित अन्य जरूरी इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी की स्थापना से सागर जिले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। अब छात्रों को पढ़ाई के लिए बड़े शहरों का रुख करने की जरूरत कम पड़ेगी, क्योंकि उन्हें आधुनिक संसाधनों के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सागर में ही उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय में हर साल रोजगार मेले और प्लेसमेंट गतिविधियों के जरिए युवाओं को नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
इंटरव्यू के आधार पर होगा चयन
कार्यक्रम के दौरान आयोजित रोजगार मेले की शुरुआत सुबह 11 बजे से ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी परिसर में होगी। इस मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। रोजगार मेले में प्रदेश और देश की विभिन्न कंपनियां हिस्सा लेंगी।
कंपनियों के प्रतिनिधि मौके पर ही युवाओं का इंटरव्यू लेंगे और अलग-अलग पदों के लिए योग्य उम्मीदवारों का चयन करेंगे। इस पहल का उद्देश्य जिले के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है।


