शांति समिति बैठक; चालू हालत में हों सीसीटीवी, थानों सहित जनसामान्य भी सीसीटीवी कैमरे चेक कर लें

0

शांति समिति बैठक; चालू हालत में हों सीसीटीवी, थानों सहित जनसामान्य भी सीसीटीवी कैमरे चेक कर लें

सागर। आगामी त्योहारों को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने शांति समिति के सदस्यों से सभी धार्मिक त्योहारों को आपसी सद्भावना एवं हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए कहा। बता दें कि आगामी समय में होली, रंग पंचमी, चैत्र नवरात्र, गुड़ी पड़वा, ईद-उल-फितर, रामनवमी, महावीर जयंती आदि त्योहार मनाए जाएंगे।

कलेक्टर ने सभी सदस्यों से अपील की कि पूर्व के वर्षों की भांति जिले की परंपरा अनुसार सभी धर्मों के त्योहार सभी संप्रदाय के लोग मिलकर आपसी सद्भाव के साथ शांति व सौहार्द्र के वातावरण में मनाएं। नगर की परंपराओं का पालन करते हुए सभी संप्रदाय के लोग उक्त पर्व शांति, सद्भाव एवं सौहार्द्र के वातावरण में मनाएं। शांति समिति की विशेष भूमिका का निर्वहन करते हुए जनसाधारण से भी शांति व सौहार्द्र बनाए रखने हेतु अनुरोध करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि धार्मिक स्थानों सहित संपूर्ण जिले में प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही नगर निगम द्वारा संपूर्ण जिले में विद्युत ऑडिट किया जाए, जिससे ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित किया जा सके जहां प्रकाश अपर्याप्त है अथवा जहां सुधार की आवश्यकता है। साथ ही शहर में होलिका दहन विद्युत लाइन के नीचे न किया जाए। सड़कों के ऊपर जहां पर होलिका दहन किया जाना है, उस स्थल पर मिट्टी डालकर होलिका दहन किया जाए, जिससे सड़क को नुकसान न हो।

कलेक्टर ने कहा कि थानों सहित सभी रहवासी, जिनके घर या प्रतिष्ठानों पर कैमरे लगे हुए हैं, वे उनकी वर्किंग चेक कर लें, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि सभी कैमरे चालू अवस्था में हैं या नहीं। क्योंकि किसी दुर्घटना या अप्रत्याशित घटना के दौरान ये सीसीटीवी कैमरे मददगार साबित होते हैं।

उन्होंने निर्देश दिए कि संपूर्ण नगर में विशेषकर जिन-जिन स्थानों से होली, रंग पंचमी, चैत्र नवरात्र / गुड़ी पड़वा, ईद-उल-फितर, रामनवमी, महावीर जयंती एवं समारोह कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, उन स्थानों के आसपास किसी भी प्रकार की गंदगी न रहे। इसका विशेष ध्यान रखते हुए सफाई कर्मियों से प्रतिदिन सफाई कराई जाए। कचरा उठाने के लिए अभी से विशेष दस्ता लगाकर सफाई व्यवस्था प्रारंभ की जाए। ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जाए तथा जिन-जिन स्थानों पर कचरे का ढेर एवं पुराना कचरा कहीं भी पड़ा हो, उसे तत्काल हटाने की कार्रवाई की जाए।

सड़कों पर जिन जगहों पर गड्ढे आदि हों, वहां मरम्मत का कार्य शीघ्र किया जाए, जिससे आवागमन में कठिनाई का सामना न करना पड़े। इसी प्रकार समस्त त्योहारों के दौरान नगर में स्वच्छ जल आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

त्योहारों के दिन लाउडस्पीकर के उपयोग पर सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन किया जाए। इस दौरान केवल धार्मिक एवं राष्ट्रभक्ति के गीत बजाए जाएं। परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए लाउडस्पीकर का नियमसंगत और जिम्मेदारी से उपयोग किया जाए।

त्योहारों पर शहर में बच्चे एवं नवयुवक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से निकलते हैं, उन पर नियंत्रण की कार्रवाई की जाए। मोटरसाइकिल ओवरलोडिंग पर रोक लगाई जाए। होलिका दहन व ईद-उल-फितर पर भोपाल रोड, झांसी रोड पर भी ट्रैफिक व्यवस्था की जाए एवं भारी वाहनों को शहर के मार्गों में प्रवेश न देकर बायपास रोड से निकाला जाए। वाहन सड़क पर न खड़े कर पार्किंग स्थल पर ही खड़े करने हेतु आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करें।

त्योहारों पर उपयोग होने वाली मिठाई एवं खाद्य सामग्री शुद्ध हो, मिलावट न हो तथा उसे खाने पर व्यक्ति के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव न पड़े, इसके लिए त्योहारों के पूर्व पर्याप्त जांच कर सैंपलिंग की जाए।

उन्होंने कहा कि होली, रंग पंचमी, चैत्र नवरात्र / गुड़ी पड़वा, ईद-उल-फितर, रामनवमी, महावीर जयंती पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था हेतु पुलिस की सहायता के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई जाएगी। नगर दंडाधिकारी सागर एवं नगर पुलिस अधीक्षक संपूर्ण व्यवस्था के प्रभारी रहेंगे।

त्योहारों के दौरान चिकित्सा हेतु आपात चिकित्सा दल, एंबुलेंस व आवश्यक दवाओं सहित उपस्थित रहें।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों पर अवैध शराब बिक्री पर प्रतिबंध लगाया जाए। त्योहारों के दौरान असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाए एवं उन पर पूर्व से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाए तथा पुलिस द्वारा रात्रिकालीन गश्त की जाए। कोई भी व्यक्ति त्योहारों के समय हथियार आदि लेकर न चले। शराब की दुकानें शासन निर्देशानुसार बंद रखी जाएं एवं अवैध शराब के संग्रहण / बिक्री पर रोक लगाई जाए।

इस अवसर एडीएम श्री अविनाश रावत, एडिशनल एसपी श्री लोकेश सिन्हा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती आरती यादव, सिटी मजिस्ट्रेट श्री गगन बिसेन, सीएसपी श्री ललित कश्यप, नगर निगम उपायुक्त श्री बघेल सहित शांति समिति के सदस्य, अधिकारी एवं थाना प्रभारी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here