सागर के राजीव नगर में गैस सिलेंडर लीक होने से लगी आग, युवक की तत्परता से टला बड़ा हादसा

0

सागर के राजीव नगर में गैस सिलेंडर लीक होने से लगी आग, युवक की तत्परता से टला बड़ा हादसा

सागर। शहर के मोतीनगर थाना क्षेत्र स्थित राजीव नगर वार्ड में बुधवार शाम एक मकान में गैस सिलेंडर से रिसाव के कारण अचानक आग भड़क उठी। सिलेंडर में लगी आग की लपटें देखकर घर में मौजूद परिवार घबरा गया और शोर मचाते हुए बाहर की ओर भागा। इसी दौरान पास में मौजूद एक युवक ने हिम्मत दिखाते हुए जलते सिलेंडर को घर से बाहर निकाला, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मिली जानकारी के अनुसार राजीव नगर निवासी दीपक रजक ने बुधवार की शाम नया गैस सिलेंडर मंगवाया था। सिलेंडर घर के अंदर रखा गया था। जब उपयोग के लिए उसका ढक्कन खोला गया, तभी उसमें से गैस का रिसाव शुरू हो गया। परिजनों ने तुरंत उसे बंद करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसी बीच सिलेंडर में आग लग गई और कुछ ही पलों में लपटें तेज हो गईं।
आग लगते ही घर के भीतर अफरा-तफरी मच गई। परिवार के सदस्य, जिनमें दो छोटे बच्चे भी शामिल थे, जान बचाकर बाहर निकले और आसपास के लोगों को आवाज दी। शोर सुनकर पास में मौजूद भूरे साहू मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वे बिना देर किए घर के अंदर गए और आग की चपेट में आए सिलेंडर को उठाकर बाहर ले आए। बाहर लाकर आग पर काबू पाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यदि कुछ मिनट और देर हो जाती तो आग पूरे मकान में फैल सकती थी। भूरे साहू की सूझबूझ और साहस के कारण संभावित बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही मोतीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और हुए नुकसान का पंचनामा तैयार किया।
परिवार की सदस्य ज्योति रजक ने बताया कि सिलेंडर खोलते ही आग भड़क उठी थी। आगजनी में घर में रखे कपड़े, गृहस्थी का सामान, कुछ नकदी और दरवाजे जलकर नुकसानग्रस्त हो गए। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे जनहानि नहीं हुई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और गैस रिसाव के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here