सेवा और समर्पण के रूप में मनाया जाएगा संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी का जन्मदिन
सागर। संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी का जन्मदिन 18 जनवरी को सेवा और समर्पण के रूप में मनाया जाएगा यह निर्णय संकल्प फाउंडेशन के सभी पदाधिकारी एवं सदस्यों की आयोजित बैठक में लिया गया। इस अवसर पर संकल्प फाउंडेशन द्वारा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया गया है जिसमें 17 जनवरी शनिवार को सुबह 9 बजे से पहलवान बब्बा मंदिर परिसर की साफ-सफाई, वृद्धाश्रम पहुंचकर वृद्धों को क्रूज़ में बैठाकर तालाब की सैर एवं भोजन और वस्त्र वितरण किए जाएंगे। 18 जनवरी को काकागंज मुक्तिधाम में सुबह 10 बजे से नागरिकों के साथ वृहद स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा तत्पश्चात दोपहर एक बजे से सिविल लाइन वीसी बंगला के पास महापौर निवास एफ-1 बंगला में मिलन समारोह, स्नेह भोज के साथ ही संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी का धूमधाम से जन्मदिन मनाया जाएगा।
शहर में जोर-शोर से शुरू हुई पौधारोपण महोत्सव की तैयारियां
पर्यावरण संरक्षण और जलवायु संतुलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरगामी पहल के अंतर्गत सागर शहर में संकल्प फाउंडेशन द्वारा आयोजित होने जा रहे वृक्षारोपण महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से प्रारंभ हो चुकी हैं। आगामी 18 जनवरी, रविवार से शुरू होने वाले इस महोत्सव के अंतर्गत शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में 11,000 पौधों का रोपण किया जाएगा। इस व्यापक अभियान को लेकर विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक, धार्मिक एवं प्रशासनिक संगठनों में भी उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।आयोजन को लेकर संकल्प फाउंडेशन द्वारा कई स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं जिससे यह अभियान दीर्घकालिक प्रभाव छोड़ सके। संकल्प फाउंडेशन द्वारा प्रारंभिक पौधारोपण कार्यक्रम के लिए दो प्रमुख स्थलों काकागंज श्मशान घाट परिसर एवं शासकीय प्राथमिक शाला, काकागंज का चयन किया गया है।
रिशांक तिवारी ने तैयारियों का जायजा लिया
वृक्षारोपण महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी ने कार्यक्रम स्थल का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों स्थलों पर जाकर भूमि की स्थिति, पौधों के रोपण की व्यवस्था, सिंचाई की संभावनाएं, सुरक्षा व्यवस्था तथा भविष्य में पौधों के संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष रिशांक तिवारी ने संबंधित कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे के संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जाए।
इस वृक्षारोपण महोत्सव की एक विशेषता यह है कि इसमें जनभागीदारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है। आयोजन समिति द्वारा स्कूलों, कॉलेजों, स्वयंसेवी संगठनों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। इस अवसर पर शुभम नामदेव, निष्कर्ष दुबे , नमन चौबे , शुभम गौतम , मोनू लारिया , कार्तिक जाटव , कमलेंद्र जाटव, रत्नेश जाटव सहित संकल्प फाउंडेशन के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

