नशे से दूरी ही सुरक्षित भविष्य की पहचान, एसपी अनुराग सुजानिया ने एडिना फार्मेसी कॉलेज में विद्यार्थियों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ
सागर। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत सोमवार को थाना मोतीनगर क्षेत्र स्थित एडिना फार्मेसी कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी एवं थाना प्रभारी मोतीनगर भी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और यदि युवा नशे से दूर रहेंगे तो समाज एवं राष्ट्र का भविष्य सुरक्षित रहेगा। उन्होंने छात्र-छात्राओं से स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता सबसे प्रभावी हथियार है और प्रत्येक युवा इस अभियान का ब्रांड एम्बेसडर बन सकता है।
नशे के विरूद्ध अभियान, सागर पुलिस स्कूलों कॉलेजों में कर रही जागरूक, SP सुजानिया छात्रों से कर रहे संवाद pic.twitter.com/MRME16JQhH
— Gajendra Thakur (@kka_news) July 20, 2026
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं कानूनी दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने सभी छात्र-छात्राओं को “न स्वयं नशा करेंगे, न किसी को नशा करने देंगे” की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में एडिना के डायरेक्टर डॉ. सुनील के. जैन, एआईपीएस के प्राचार्य डॉ. विवेक जैन, नेशनल क्राइम इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो सागर के स्टेट जॉइंट डायरेक्टर विनीत सोनी, महाविद्यालय का शिक्षकीय स्टाफ तथा करीब 650 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय प्रबंधन ने जिला पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान की सराहना करते हुए इसे समाजहित में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। जिला पुलिस ने भी विद्यार्थियों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।


