देवी मंदिर में चोरी से भड़का आक्रोश, आभूषण और साउंड सिस्टम ले गए चोर

देवी मंदिर में चोरी, आभूषण और साउंड सिस्टम ले गए चोर

सागर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पथरिया जाट स्थित शासकीय स्कूल परिसर में बने देवी मंदिर में अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए मंदिर का ताला तोड़कर कीमती आभूषण और साउंड सिस्टम चोरी कर लिया। घटना गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार चोर मंदिर से सोने का मंगलसूत्र, सोने की बेंदी, चांदी का मुकुट, पायल सहित साउंड सिस्टम चोरी कर ले गए। शुक्रवार को क्षेत्रवासी भूपेंद्र पटेल एवं अन्य ग्रामीणों ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये आंकी है।

ग्रामीणों का कहना है कि पथरिया जाट क्षेत्र में पहले भी खेतों से पानी की मोटर, पाइप सहित अन्य सामान चोरी होने की घटनाएं सामने आती रही हैं। इसके अलावा शराबखोरी और मारपीट की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त लगभग नहीं के बराबर होती है, जिसके कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।

मंदिर में हुई चोरी की घटना से क्षेत्रवासियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी का खुलासा करने की मांग की है।

क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई और चोरी का खुलासा नहीं किया गया तो वे सड़क पर उतरकर चक्काजाम करेंगे तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव भी करेंगे। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here