सड़क किनारे मिला युवक का शव, मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

बाइक के पास मिला 36 वर्षीय युवक का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

सागर। सुरखी थाना क्षेत्र के ग्राम नटेरी के पास सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शनिवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे एक व्यक्ति को मृत अवस्था में पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सुरखी थाना पुलिस और जेसीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मृतक की पहचान उसके पास मिले दस्तावेजों और बाइक के आधार पर चैन सिंह पुत्र महाराज सिंह (36 वर्ष), निवासी ग्राम भजिया गेंहूँरास जेसीनगर के रूप में हुई है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। घटनास्थल और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं आसपास के लोगों से पूछताछ कर युवक की गतिविधियों और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here