सागर में सड़क हादसों का कहर: अलग-अलग दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत, परिवारों में पसरा मातम
सागर। जिले के देवरी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसों के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना झिरी-ईमझिरा मार्ग की है। यहां गांव के पास बनी पुलिया के नीचे ग्रामीणों ने एक युवक को उसकी बाइक के नीचे दबा हुआ देखा। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और मृतक की पहचान झिरी निवासी 35 वर्षीय सीताराम कुर्मी के रूप में की।
वहीं दूसरी घटना नेशनल हाईवे-44 पर चीमाढाना के पास हुई। यहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में चीमाढाना निवासी 32 वर्षीय राजेश गौंड उछलकर सड़क पर जा गिरा और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों मृतकों के परिजनों को सूचना देकर शवों का पोस्टमार्टम कराया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। देवरी थाना पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर लिया है और दुर्घटनाओं के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।


