सागर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 69 टंकियों में भरा ज्वलनशील पदार्थ जब्त, ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली भी पकड़ी
सागर। सागर जिले की नरयावली थाना पुलिस ने शनिवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम किशनपुरा स्थित सौरभ ढाबा से अवैध रूप से भंडारित लाइट डीजल ऑयल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ से भरी 69 टंकियां जब्त की हैं। पुलिस ने मौके से एक ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी कब्जे में लिया है। मामले में चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि किशनपुरा स्थित सौरभ ढाबा पर एक ट्रक में अवैध रूप से पेट्रोल, डीजल और अन्य ज्वलनशील पेट्रोलियम पदार्थ से भरी टंकियां लोड की जा रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम का गठन कर मौके पर दबिश दी गई।
मौके पर चार आरोपी मिले
पुलिस जब सौरभ ढाबा पहुंची तो ट्रक क्रमांक एमपी 09 एचएच 2834 में टंकियां लोड करते हुए शिवकुमार यादव, गौरव यादव, वीरेंद्र यादव और ट्रक चालक हेमराज कोरी मौके पर मिले। पूछताछ के दौरान कोई भी आरोपी पेट्रोलियम पदार्थ के भंडारण और परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज या अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका।
69 टंकियां, ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
तलाशी के दौरान ट्रक और एक बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली से 200-200 लीटर क्षमता वाली कुल 69 प्लास्टिक टंकियां बरामद की गईं। प्रारंभिक जांच में 21 टंकियों में लाइट डीजल ऑयल और शेष 48 टंकियों में मिश्रित ज्वलनशील पदार्थ व मिक्स सॉल्वेंट होना पाया गया।
पुलिस ने सभी टंकियों को जब्त कर प्रत्येक से एक-एक लीटर के कुल 69 नमूने लेकर उन्हें सीलबंद कर सुरक्षित रख लिया है। बरामद ज्वलनशील पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त कर लिया गया है।
चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
नरयावली थाना प्रभारी प्रतिमा मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला ज्वलनशील पदार्थ के अवैध भंडारण और परिवहन का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब्त पदार्थ के चोरी का होने की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता। ऐसे पदार्थ पर्यावरण और जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही ज्वलनशील पदार्थ के वास्तविक स्रोत, स्वामित्व और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
Home अपराध / क्राइम रिपोर्ट सागर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 69 टंकियों में भरा ज्वलनशील पदार्थ जब्त,...


