भूमि विवाद में हत्या का खुलासा, जहरीली शराब बेचने की फिराक में आरोपी गिरफ्तार
सागर। मोतीनगर थाना पुलिस ने लगातार दो महत्वपूर्ण मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक ओर हत्या के सनसनीखेज मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा किया, वहीं दूसरी ओर संभावित जहरीली कच्ची शराब बेचने की तैयारी कर रहे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की।
पुलिस के अनुसार मोहन नगर वार्ड में पारिवारिक भूमि विवाद के चलते हुए हत्या प्रकरण में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अपचारी बालक को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। मृतक अतुल जड़िया पर लोहे के पाइप से हमला किया गया था, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी देव सोनी, दिव्यांश सोनी, तनु सोनी तथा एक अपचारी बालक के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में रजौआ रोड स्थित मंदिर के पास से धीरज कोरी (33) निवासी आवासी कॉलोनी बाघराज वार्ड को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से लगभग 5 लीटर मटमैली एवं दुर्गंधयुक्त कच्ची शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 600 रुपये बताई गई है। पुलिस का कहना है कि शराब प्रथम दृष्टया अमानक एवं मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक प्रतीत हुई। आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर शराब के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
दोनों मामलों में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों और गंभीर अपराधों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


