सागर में एमडी ड्रग्स तस्करी का नेटवर्क बेनकाब, महिला समेत दो गिरफ्तार

सागर में एमडी ड्रग्स तस्करी का नेटवर्क बेनकाब, महिला समेत दो गिरफ्तार
16.45 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त, एक आरोपी फरार

सागर, 6 जून। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोतीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने एक पुरुष और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 16.45 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान मोतीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भोपाल रोड बस स्टैंड के पास एक युवक मादक पदार्थ बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम सौरभ उर्फ रॉबिन पांडेय (30 वर्ष) निवासी तिरूपतिपुरम, सागर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 13.61 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने शैलजा सोनी को भी आरोपी बनाया। उसके कब्जे से 2.84 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई। महिला आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मादक पदार्थों की सप्लाई और वितरण से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है। मामले का एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस पूरे सप्लाई नेटवर्क और खरीद-बिक्री से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत राजपूत, उप निरीक्षक लोकेश पटेल, प्रधान आरक्षक दिनेश यादव, सुनील चौबे तथा आरक्षक अनुराग वैद्य, सत्येन्द्र, गुड्डू शर्मा, चंदन बिल्थरे और ब्रजेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस का संदेश

सागर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों और उनके नेटवर्क के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here