महिंद्रा फाइनेंस ऑफिस में खुद को लगाई थी आग, इलाज के दौरान युवक की मौत
सागर। मकरोनिया स्थित महिंद्रा फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले युवक की भोपाल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान राहतगढ़ निवासी नीलेश कुमार जैन के रूप में हुई है। वह गंभीर रूप से झुलस गए थे और उनका इलाज भोपाल के एम्स अस्पताल में चल रहा था।
मृतक के साले नीरज जैन ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 6 बजे इलाज के दौरान नीलेश ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई की है। बुधवार को भोपाल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए शव राहतगढ़ लाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार नीलेश कुमार जैन ने महिंद्रा फाइनेंस से कार फाइनेंस कराई थी। कार की दो किस्तें बकाया होने पर कंपनी द्वारा वाहन जब्त कर लिया गया था। 12 जून को नीलेश कार वापस लेने के लिए मकरोनिया स्थित कंपनी कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान वाहन को लेकर कंपनी कर्मचारियों से उनकी कहासुनी हो गई।
बताया जाता है कि विवाद के बीच नीलेश ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों और अधिकारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान कंपनी के ब्रांच मैनेजर अतुल सिंह भी झुलस गए थे, जिन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
गंभीर रूप से झुलसे नीलेश को पहले बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से उन्हें निजी अस्पताल और बाद में बेहतर उपचार के लिए भोपाल एम्स रेफर किया गया था। कई दिनों तक चले इलाज के बाद मंगलवार को उनकी मौत हो गई।
इधर, परिजनों ने फाइनेंस कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के रिश्तेदार नीरज जैन का कहना है कि कार की केवल दो किस्तें बकाया थीं, इसके बावजूद कंपनी ने वाहन जब्त कर लिया था। उनका आरोप है कि पिछले कई दिनों से कंपनी की ओर से लगातार दबाव बनाया जा रहा था और घर पर भी लोग भेजे जा रहे थे।
परिजनों का दावा है कि बकाया राशि जमा कराने के बाद भी वाहन वापस नहीं किया गया, जिससे नीलेश मानसिक रूप से परेशान थे। कार्यालय में हुए विवाद के बाद उन्होंने यह कदम उठा लिया।
मकरोनिया थाना पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। पुलिस मृतक के दर्ज बयानों और परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी।


