NEET परीक्षा की तैयारियों का एसपी ने लिया जायजा, पांच परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
सागर, 19 जून। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुरक्षित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने शुक्रवार को जिले के पांच प्रमुख परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-3, आर्मी पब्लिक स्कूल, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा शासकीय कन्या स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास प्रबंधन, अभ्यर्थियों की आवाजाही, यातायात नियंत्रण, पार्किंग तथा पुलिस बल की तैनाती का निरीक्षण किया।

पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान पूरी सतर्कता, अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
एसपी ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप एवं संबंधित थाना प्रभारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं का अवलोकन कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं परीक्षा को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सागर पुलिस ने बताया कि जिले में आयोजित होने वाली NEET परीक्षा के लिए व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की व्यवस्था की गई है, ताकि परीक्षा पारदर्शी, निष्पक्ष और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।


