सागर में अवैध उर्वरक भंडारण पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 21.25 लाख की सामग्री जब्त, FIR दर्ज

0

सागर में अवैध उर्वरक भंडारण पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 21.25 लाख की सामग्री जब्त, एफआईआर दर्ज

सागर। जिले में अवैध उर्वरक भंडारण और विक्रय के खिलाफ कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार किलोग्राम उर्वरक और एक ट्रक जब्त किया है। मामले में कैंट थाना पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं उर्वरक नियंत्रण आदेश के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि खुरई रोड स्थित ग्राम गढ़ौली खुर्द में एक मकान में बिना अनुमति उर्वरक का अवैध भंडारण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। मौके पर एक ट्रक से उर्वरक की बोरियां उतारकर गोदाम में रखी जा रही थीं।

जांच के दौरान टीम ने कुल 500 बोरी बेंटोनाइट ग्रेन्यूल्स (Bentonite Granules) जब्त किए। इनमें 230 बोरियां ट्रक में तथा 270 बोरियां मकान के भीतर मिलीं। जब्त उर्वरक का कुल वजन 25 हजार किलोग्राम है। उर्वरक की अनुमानित कीमत 1.25 लाख रुपये तथा ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कुल 21.25 लाख रुपये की जब्ती की गई।

मौके पर मौजूद आरोपी प्रदीप साहू भंडारण और खरीदी-बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद कृषि विभाग की शिकायत पर कैंट थाना पुलिस ने मेसर्स माँ हरसिद्धि एग्रो के प्रोपराइटर प्रदीप साहू तथा गुजरात के भावनगर स्थित सहदेव फर्टिलाइजर्स के प्रोपराइटर महेश रामजी भाई चौहान के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3 एवं 7 तथा उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के प्रावधानों के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस ने मामले को विवेचना में लेकर जब्त उर्वरक के नमूने परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। कार्रवाई के दौरान कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं उर्वरक निरीक्षक मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here