कलेक्टर से मिलेंगे, निजी अस्पतालों की लापरवाही नहीं करेंगे बर्दाश्त — मनी सिंह
सागर। शहर के मकरोनिया क्षेत्र में स्थित एक निजी अस्पताल में महिला की मौत के बाद मामला गरमा गया है। मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत शिवसेना राज्य संगठक मनी सिंह गुरोन से भी की।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मनी सिंह ने गहरा दुख जताया और कहा कि इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी तथा जल्द ही जिला कलेक्टर से मुलाकात कर पूरे प्रकरण को प्रशासन के संज्ञान में लाया जाएगा।
मनी सिंह ने कहा कि मकरोनिया क्षेत्र में संचालित कई निजी नर्सिंग होम लंबे समय से लापरवाही बरत रहे हैं, जिसे अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अस्पताल केवल आर्थिक लाभ के लिए अपनी जिम्मेदारियों से खिलवाड़ कर रहे हैं, जो पूरी तरह अस्वीकार्य है।
उन्होंने यह भी कहा कि हर मामले में डॉक्टर को दोषी ठहराना उचित नहीं है, क्योंकि कोई भी डॉक्टर अपने मरीज के साथ अनहोनी नहीं चाहता। लेकिन जब लगातार ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, तो पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं।
मनी सिंह ने चेतावनी दी कि नर्सिंग होम की व्यवस्थाओं और स्टाफ की जांच के लिए वे जिला प्रशासन के साथ-साथ मानव अधिकार आयोग मध्यप्रदेश तक जाएंगे और जरूरत पड़ी तो दिल्ली तक भी इस मुद्दे को उठाएंगे।
उन्होंने कहा कि हाल के समय में निजी अस्पतालों से जुड़े कई मामले सामने आए हैं, जिससे डॉक्टर और मरीज के बीच वर्षों से बना विश्वास कमजोर हो रहा है। यदि समय रहते इस पर कार्रवाई नहीं हुई, तो लोगों का भरोसा पूरी तरह खत्म हो सकता है।
मनी सिंह ने कहा कि वे स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े रहे हैं और इसकी बारीकियों को समझते हैं, इसलिए किसी भी तरह की लापरवाही को स्वीकार नहीं करेंगे। अब देखना होगा कि इस मामले में प्रशासन क्या कदम उठाता है और जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है।


