सागर लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: DEO कार्यालय के तीन बाबू 80 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय के तीन बाबुओं को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह ट्रैप कार्रवाई सोमवार रात लोकायुक्त सागर संभाग की टीम ने अंजाम दी।
लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक योगेश्वर शर्मा के निर्देशन में की गई।
शिकायत के बाद बिछाया जाल
मामले की शुरुआत तब हुई जब आवेदक नवेन्द्र कुमार आठया, जो प्राथमिक शिक्षक (विज्ञान) के पद पर शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पटेरा, जिला दमोह में पदस्थ हैं, ने 13 अप्रैल को लोकायुक्त कार्यालय सागर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बाबुओं पर काम के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया था।
ऐसे दबोचे गए आरोपी
शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने के बाद लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर ट्रैप बिछाया। सोमवार रात आवेदक ने आरोपियों—अनिल कुमार साहू, मनोज कुमार श्रीवास्तव और नीरज कुमार सोनी—को पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने बुलाया। जैसे ही तीनों ने 80 हजार रुपये लेकर उसे बाइक की डिक्की में रखा, मौके पर मौजूद लोकायुक्त टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।
इन धाराओं में मामला दर्ज
लोकायुक्त टीआई मंजू किरण तिर्की ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक मंजू किरण तिर्की, रंजीत सिंह सहित लोकायुक्त सागर की टीम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
दमोह में हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर सरकारी दफ्तरों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर सवाल खड़े किए हैं, वहीं लोकायुक्त की सक्रियता से आम लोगों में न्याय की उम्मीद भी मजबूत हुई है।


