सागर : जमीनी विवाद और गुटखा को लेकर झगड़ा बना खूनी संघर्ष, युवक की मौत…
सागर जिले के बरायठा थाना क्षेत्र के ग्राम धवारा में शनिवार रात एक मामूली बात ने बड़ा रूप ले लिया और पुरानी जमीनी रंजिश के चलते दो चचेरे भाइयों के परिवार आमने-सामने आ गए। गुटखा खाने को लेकर शुरू हुई बहस देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई, जिसमें एक युवक की जान चली गई।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव के निवासी खिलान पुत्र भूरे अहिरवार और उनके चचेरे भाई वीरेंद्र अहिरवार के परिवार के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी वजह से दोनों पक्षों में पहले से तनाव बना हुआ था।
शनिवार रात दोनों परिवारों के बीच गुटखा खाने की बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई और लाठी-डंडों के साथ कुल्हाड़ी से भी हमला किया गया। इस दौरान खिलान के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।
घटना के दौरान गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कराया और घायल को तुरंत बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) पहुंचाया गया। हालांकि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा तैयार किया और मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच कर रही है।
मृतक के भाई बाबूलाल अहिरवार ने बताया कि वे लोग वहां खड़े थे, तभी गुटखा खाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। पहले उनके साथ मारपीट की गई और इसी दौरान उनका भाई खिलान वहां पहुंचा, जिस पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
परिजनों ने इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


