शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में ‘परीक्षा एवं तनाव प्रबंधन’ पर हुई व्याख्यान माला
सागर। उच्च शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश द्वारा संचालित ‘मानसिक स्वास्थ्य एवं गतिविधियाँ’ कार्यक्रम के अंतर्गत, शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग में ‘परीक्षा व तनाव प्रबंधन’ विषय पर एक दिवसीय व्याख्यान माला का आयोजन किया गया। आगामी वार्षिक परीक्षाओं के मद्देनजर विद्यार्थियों में बढ़ते मानसिक दबाव को कम करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने की।
लक्ष्य निर्धारण है सफलता की कुंजी
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में तनाव आना स्वाभाविक है, लेकिन इसे सही प्रबंधन से दूर किया जा सकता है। उन्होंने जोर दिया कि विद्यार्थी सर्वप्रथम अपना लक्ष्य निर्धारित करें और उसकी सुव्यवस्थित रूपरेखा तैयार कर सामंजस्य के साथ आगे बढ़ें। जब दृष्टि लक्ष्य पर केंद्रित होती है, तो तनाव स्वतः ही समाप्त हो जाता है।
विशेषज्ञों ने दिए तनाव मुक्ति के गुरुमंत्र
मुख्य वक्ता डॉ. सुनील साहू एवं डॉ. रेणु सोलंकी ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि ग्रुप मीटिंग और संवाद के माध्यम से विद्यार्थी अपनी पारिवारिक, आर्थिक और अध्ययन संबंधी समस्याओं का प्रभावी समाधान खोज सकते हैं। वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. जय कुमार सोनी ने नकारात्मक विचारों के त्याग और सकारात्मकता को अपनाने के मनोवैज्ञानिक तरीकों पर प्रकाश डाला। वहीं, डॉ. अनिल मेहरोलिया ने पीपीटी (PPT) प्रेजेंटेशन के माध्यम से तनाव प्रबंधन के व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किए।
इस कार्यशाला में वाणिज्य विभाग के समस्त प्राध्यापकों सहित 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक प्राध्यापक डॉ. देवेंद्र सिंह ठाकुर ने किया। अंत में डॉ. मनीष जैन ने प्राचार्य, मुख्य वक्ताओं, आयोजकों और उपस्थित स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. अमर कुमार जैन, डॉ. संगीता कुम्भारे, डॉ. शालिनी परिहार, डॉ. अखिलेश तिवारी सहित महाविद्यालयीन स्टाफ के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।


