सागर लोकायुक्त ने लैब टेक्नीशियन को 1 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा

0

सागर लोकायुक्त ने लैब टेक्नीशियन को 1 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा

Ad 1

सागर। लोकायुक्त की टीम ने मंगलवार को टीकमगढ़ के शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए लैब टेक्नीशियन एवं स्थापना शाखा के अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे नितिन मिश्रा को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी सेवानिवृत्त कर्मचारी के एरियर एवं अर्जित अवकाश नगदीकरण की राशि जारी कराने के एवज में रिश्वत मांग रहा था।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता देवेंद्र वाल्मीक निवासी नगर परिषद कारी, जिला टीकमगढ़ ने सागर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पिता हरिकिशन वाल्मीक जनवरी 2026 में शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय टीकमगढ़ से स्वीपर पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके तीन समयमान वेतनमान का एरियर एवं अर्जित अवकाश नगदीकरण की राशि लंबित थी। इन भुगतानों को कराने के बदले आरोपी नितिन मिश्रा द्वारा 2 लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी 7 मई 2026 को पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये ले चुका था। इसके बाद मंगलवार 12 मई को लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को कॉलेज की लेखा शाखा में दूसरी किस्त के रूप में 1 लाख रुपये लेते हुए पकड़ लिया।

यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देशन, उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक योगेश्वर शर्मा के नेतृत्व में की गई। ट्रैप कार्रवाई निरीक्षक कमल सिंह उईके, निरीक्षक मंजू किरण तिर्की एवं लोकायुक्त सागर संभाग की टीम द्वारा की गई।

लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 8435794333 जारी किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here