सागर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: डेढ़ माह में काटे 13 हजार से अधिक चालान, वसूला 77 लाख से ज्यादा का जुर्माना
गजेंद्र ठाकुर ✍️- सागर। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में सागर यातायात पुलिस इन दिनों नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बेहद सख्त रुख अपनाए हुए है। पिछले करीब डेढ़ महीने के भीतर शहर के विभिन्न चौराहों और मुख्य मार्गों पर ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान चलाकर कुल 13758 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई है। यातायात डीएसपी मयंक चौहान ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत यातायात पुलिस के द्वारा कुल 77 लाख 37 हजार 900 रुपये का समन शुल्क (जुर्माना) वसूला है। हालांकि इसमें थाना पुलिस का भी सहयोग रहा हैं।
एसपी सुजानिया के सख्त आदेशों के बाद यातायात व थाना पुलिस ने पटाखा छोड़ने वाली बुलेट, ड्रिंक एंड ड्राइव (शराब पीकर वाहन चलाना), बिना हेलमेट और बिना सीटबेल्ट के वाहन चलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। इस कार्रवाई के अंतर्गत अलग-अलग श्रेणियों में दर्ज किए गए आंकड़े इस प्रकार हैं
हेलमेट न लगाने वालों पर सबसे बड़ी गाज
यातायात नियमों में दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपकरण है, लेकिन इसके बावजूद लोग लापरवाही बरत रहे हैं। पुलिस ने चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट गाड़ी चलाने वाले 10919 चालकों के चालान काटे, जिनसे कुल 3353700 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भारी जुर्माना
सड़क हादसों को रोकने के लिए ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ पुलिस ने सबसे कड़ी कार्रवाई की है। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 220 चालकों को पकड़ा गया, जिनसे कुल 2200000 रुपये का भारी-भरकम जुर्माना वसूला गया।
नाबालिगों के हाथ में स्टेयरिंग देने वाले माता-पिता भी नपे
शहर में नाबालिग बच्चों द्वारा तेज रफ्तार वाहन चलाने की बढ़ती शिकायतों पर एसपी ने कड़ा संज्ञान लिया था। इस अभियान के तहत 128 ऐसे मामले सामने आए जहां नाबालिग वाहन चलाते मिले। पुलिस ने इनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 1,49,000 रुपये का जुर्माना
सीटबेल्ट और बिना लाइसेंस वालों पर भी एक्शन
चार पहिया वाहनों में सीटबेल्ट न लगाने वाले 308 चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर 154000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के सड़कों पर वाहन दौड़ाने वाले 60 चालकों को पकड़कर उनसे 98,000 रुपये का समन शुल्क लिया गया।
पटाखा वाले साईलेंसर लगाने वाले वाहनों के विरूद्ध कार्यवाही
बुलेट वाहन चालको द्वारा स्वयं के वाहन को मोडीफाय कर तेज आवाज वाले सायलेंसर लगाकर वाहन चलाने वाले 54 वाहनों के विरूद्ध कार्यवाही की जाकर 82,000 समन शुल्क बसूला गया ।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे दुर्घटनाओं से बचने और कानूनी कार्रवाई से सुरक्षित रहने के लिए अनिवार्य रूप से यातायात नियमों का पालन करें, दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाएं और चार पहिया वाहन में सीटबेल्ट का उपयोग जरूर करें।


