
हाईवे पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवक गंभीर घायल
साईखेड़ा तिराहे के पास हुआ हादसा, एक घायल की हालत चिंताजनक; चालक ट्रक लेकर मौके से फरार
सागर। बहेरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-44 पर साईखेड़ा तिराहे के समीप शुक्रवार शाम करीब 5 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने बाइक पर सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी और टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के दौरान एक घायल का पैर शरीर से अलग हो गया, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय नागरिकों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलने पर बहेरिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस घायलों की पहचान करने में जुटी हुई है। साथ ही फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के कारण कुछ समय तक नेशनल हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

