प्रधानमंत्री की अपील पर मध्यप्रदेश में मितव्ययता की पहल, मुख्यमंत्री ने घटाया कारकेड
भोपाल। प्रधानमंत्री की अपील के बाद मध्यप्रदेश सरकार ने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री के कारकेड में वाहनों की संख्या घटा दी है। अब आगामी आदेश तक मुख्यमंत्री के काफिले में 13 की जगह केवल 8 वाहन ही शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को आयोजित मंत्री परिषद की बैठक में मंत्रियों से वैश्विक परिस्थितियों और राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए ईंधन की बचत करने तथा सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की थी। इसी के तहत राज्य सरकार ने आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
निर्देशों के अनुसार मुख्यमंत्री के भ्रमण के दौरान वाहन रैली आयोजित नहीं की जाएगी। साथ ही सभी मंत्रीगण को यात्रा के दौरान न्यूनतम वाहनों का उपयोग करने को कहा गया है। नव नियुक्त निगम-मंडल पदाधिकारियों को भी सादगीपूर्ण तरीके से कार्यभार ग्रहण करने और वाहन रैली से बचने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य सरकार ने शासकीय कार्यों में मितव्ययता अपनाने पर जोर देते हुए आम नागरिकों से भी अनावश्यक वाहन उपयोग कम करने और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की अपील की है।


