ईशुरवारा और जरूआखेड़ा में 110 विद्यार्थियों को मिली निःशुल्क साइकिल, विधायक प्रदीप लारिया ने किया वितरण
सागर। नरयावली विधानसभा क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ईशुरवारा और जरूआखेड़ा में शनिवार को मध्यप्रदेश शासन की निःशुल्क साइकिल योजना के तहत कुल 110 विद्यार्थियों को साइकिल वितरित की गई। ईशुरवारा में 53 और जरूआखेड़ा में 57 विद्यार्थियों को साइकिलें प्रदान की गईं। इस दौरान विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के भविष्य को बदलने की सबसे बड़ी ताकत है तथा शासन की छात्र हितैषी योजनाएं विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान दे रही हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक लारिया ने कहा कि एक साइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने, पूरी लगन से पढ़ाई करने और जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुविधाओं का विस्तार कर रही है। शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, गणवेश, छात्रवृत्ति, मध्यान्ह भोजन, स्मार्ट क्लास, विज्ञान एवं कंप्यूटर शिक्षा, पुस्तकालय, खेल सामग्री, प्रयोगशालाएं और बेहतर अधोसंरचना जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही विद्यालयों के उन्नयन, डिजिटल शिक्षा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
विधायक ने विद्यार्थियों को मोबाइल और अन्य अनावश्यक आकर्षणों से दूर रहकर पुस्तकों को अपना सच्चा मित्र बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ज्ञान ऐसी संपत्ति है जिसे कोई छीन नहीं सकता। वहीं अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आग्रह करते हुए कहा कि शिक्षित युवा ही आत्मनिर्भर भारत और विकसित मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति बनेंगे।
साइकिल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने खुशी जताते हुए शासन की इस योजना को शिक्षा के लिए बड़ी सहायता बताया और मन लगाकर पढ़ाई करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने भी शासन की छात्र हितैषी योजनाओं की सराहना की।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सोहन लोधी, नारद यादव, सरपंच लखन राय, कृष्ण मुरारी यादव, शोभाराम साहू, मुरारी यादव, राजा भैया, प्रदीप पाठक, राजकुमार शर्मा, धर्मेंद्र सोनी, ओमहरि पांडे, शैलेन्द्र सिंह, दिलीप नायक, आनंद चौबे, रामबाबू यादव, प्रांशु जैन, प्राचार्य नेहा मिश्रा, प्राचार्य आर.एल. अहिरवार सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



