शक्ति घाट पुल निर्माण में बड़ा हादसा: स्लैब गिरने से मजदूर घायल, पांच श्रमिकों का किया गया रेस्क्यू
सागर जिले के ग्राम बड़गान के समीप अचलपुर रोड स्थित देहार नदी के शक्ति घाट पर निर्माणाधीन पुल में शनिवार रात अचानक बड़ा हादसा हो गया। पुल का स्लैब लगाते समय वह अचानक नीचे गिर पड़ा, जिससे निर्माण स्थल पर हड़कंप मच गया। घटना में एक मजदूर घायल हो गया, जबकि पुल के पिलर पर काम कर रहे पांच अन्य मजदूर कुछ समय के लिए फंस गए, जिन्हें बाद में सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, देहार नदी पर बन रहे पुल का निर्माण कार्य जारी था। शनिवार रात करीब 10 बजे निर्माण एजेंसी की टीम क्रेन की सहायता से पुल के लिए स्लैब स्थापित कर रही थी। इसी दौरान अचानक स्लैब का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे जा गिरा। हादसे के साथ ही स्लैब को उठा रही क्रेन भी पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस दुर्घटना में नारायण नामक मजदूर घायल हो गया। उसके हाथ में चोट आई है। हादसे के तुरंत बाद उसे उपचार के लिए रहली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया।
घटना के समय पुल के ऊपरी हिस्से में पिलर पर पांच मजदूर कार्य कर रहे थे। स्लैब गिरने के बाद वे वहीं फंस गए। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और सभी मजदूरों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इस दौरान कोई अन्य जनहानि नहीं हुई।
हादसे की खबर मिलते ही रहली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्थाओं और रात के समय कराए जा रहे निर्माण कार्य को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


