सागर में मकानगणना अभियान ने पकड़ी रफ्तार, 1700 से ज्यादा एचएलबी का काम पूरा
सागर। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी प्रतिभा पाल के कुशल मार्गदर्शन में जिले में मकानगणना का महाअभियान तीव्र गति से संचालित किया जा रहा है। जिले में मकानों की गणना का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया जा चुका है। प्रशासनिक स्तर पर की जा रही सतत मॉनिटरिंग के फलस्वरूप जिले के 1700 से अधिक एचएलबी में मकानगणना का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि शेष बचे क्षेत्रों में कार्य तेजी से प्रगति पर है। इस दौरान सर्वाधिक 173 एचएलबी का कार्य केसली में पूर्ण किया गया है।
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया है कि जब भी प्रगणक और सुपरवाइजर उनके घरों पर जानकारी एकत्र करने पहुंचें, तो उन्हें सही और सटीक विवरण देकर उनका पूर्ण सहयोग करें। इस महाअभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए सभी मैदानी अमले को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।


