डायल 112 स्टाफ पर मारपीट और गर्ल्स वेटर से अभद्रता के आरोप, वीडियो वायरल
सागर में डायल 112 के स्टाफ पर कैटरिंग कर्मचारियों के साथ मारपीट और गर्ल्स वेटर पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप लगे हैं। मामले में पीड़ित पक्ष ने मोतीनगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात करीब 3:30 बजे भोपाल रोड स्थित होटल ग्रैंड पैलेस में शादी समारोह का काम खत्म कर कैटरिंग कर्मचारी अपने आपे वाहन से घर लौट रहे थे। वाहन में गर्ल्स वेटर भी मौजूद थीं। आरोप है कि रास्ते में डायल 112 के स्टाफ ने लड़कियों पर आपत्तिजनक कमेंट किए। कर्मचारियों ने इसका विरोध किया और वाहन आगे बढ़ा लिया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसके बाद चकराघाट कॉरिडोर के पास उनका वाहन रुकवाया गया, जहां डायल 112 के ड्राइवर और एक आरक्षक ने वाहन चालक के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसे सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।

गुरुवार को कैटरिंग मालिक शैलेंद्र सोनी अपने साथियों के साथ मोतीनगर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि डायल 112 का स्टाफ नशे की हालत में था तथा उनकी वर्दी पर नेम प्लेट और बैज भी नहीं लगे थे।
कर्मचारियों का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने लड़कियों पर अभद्र टिप्पणी की थी। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट की गई। वहीं मोतीनगर थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।


