ओवरलोड से 11 केवी ट्रांसफार्मर में लगी आग, पूरी रात अंधेरे में रहा लेहदरा क्षेत्र
बिना अनुमति होटल को कनेक्शन देने का आरोप, दो दिन से शादी समारोह के चलते बढ़ा लोड
सागर (रिपोर्ट)। लेहदरा क्षेत्र में 11 केवी के ट्रांसफार्मर में ओवरलोड के कारण आग लगने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके की बिजली व्यवस्था ठप हो गई और रहवासी पूरी रात अंधेरे में रहने को मजबूर रहे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली कंपनी के अधिकारियों ने हाल ही में बिना उचित अनुमति के एक नए कासा होटल को इसी ट्रांसफार्मर से कनेक्शन दे दिया था।
बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से निर्माणधीन होटल में अभी से शादी समारोह आयोजित होने लगे जबकि सूत्र बताते हैं होटल प्रबधंन ने अन्य जरूरी नियम पूरे नही किये हैं, बहरहाल एक ही डीपी से कथित रूप से अवैध लोड के कारण रात के समय बिजली का लोड अचानक बढ़ जाता था। इसके कारण पूरे इलाके में बिजली बार-बार डिम हो रही थी। शुक्रवार देर रात लोड अत्यधिक बढ़ने पर ट्रांसफार्मर में आग लग गई, जिससे बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई।
घटना के बाद से अब तक सुधार कार्य शुरू नहीं होने पर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि रात भर शिकायत करने के बावजूद बम्होरी रेगुआ डीसी के बिजली विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। क्षेत्रवासियों ने जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था बहाल करने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस मामले में बिजली कंपनी के अधिकारियों का पक्ष जानने फोन पर सम्पर्क किया गया जो नेटवर्क से बाहर बताया गया हैं।


