राजा रघुवंशी हत्याकांड: पत्नी सोनम को शिलॉन्ग कोर्ट से जमानत, हनीमून मर्डर केस में नया मोड़
इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को शिलॉन्ग कोर्ट से जमानत मिल गई है। 27 अप्रैल 2026 को अदालत ने यह फैसला सुनाया। इस जानकारी की पुष्टि मृतक राजा रघुवंशी के भाई विपिन ने की है।
यह मामला उस समय सुर्खियों में आया था, जब हनीमून के दौरान पति राजा रघुवंशी की हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि इस वारदात के पीछे सोनम रघुवंशी का हाथ था, जिसने अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर इस साजिश को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, राजा और सोनम की शादी 11 मई 2025 को इंदौर में हुई थी। इसके बाद 20 मई को दोनों हनीमून के लिए गुवाहाटी होते हुए मेघालय पहुंचे। 23 मई को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा (चेरापूंजी) स्थित नोंग्रियाट गांव के एक होमस्टे से चेकआउट करने के कुछ ही घंटों बाद दोनों अचानक लापता हो गए थे।
कई दिनों की तलाश के बाद 2 जून 2025 को राजा रघुवंशी का शव सोहरा-चेरापूंजी क्षेत्र में वेई सावडोंग पार्किंग के नीचे एक गहरी खाई से बरामद किया गया। शव की हालत गंभीर रूप से क्षत-विक्षत थी। मामले की जांच आगे बढ़ने पर संदेह सोनम पर गया। बाद में उसने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि हत्या की साजिश सोनम ने ही रची थी। इस मामले में सोनम के अलावा राज कुशवाहा, विशाल सिंह चौहान, आकाश सिंह राजपूत और आनंद कुर्मी को भी गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किए थे। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि राजा पर पीछे से हमला कर उसे पहाड़ी से नीचे धक्का दिया गया था।
गौरतलब है कि दिसंबर 2025 में सोनम की जमानत याचिका शिलॉन्ग की अदालत ने खारिज कर दी थी। हालांकि अब करीब चार महीने बाद अदालत से उसे जमानत मिल गई है, जिससे इस बहुचर्चित हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है।


