सागर लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: वनरक्षक 5 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
सागर/टीकमगढ़। भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए लोकायुक्त सागर की टीम ने गुरुवार को टीकमगढ़ में एक वनरक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, आरोपी वनरक्षक अरुण अहिरवार (36), पदस्थ कुंडेश्वर बीट वन चौकी, टीकमगढ़, आवेदक अरबाज खान (निवासी ग्राम बानपुर, जिला ललितपुर, उत्तर प्रदेश) से रिश्वत की मांग कर रहा था। आवेदक लकड़ी के तख्त बनाकर बेचने का कार्य करता है और किसानों से लकड़ी खरीदकर लाता है।
शिकायत में बताया गया कि कुंडेश्वर वन चौकी से वाहन बिना रोके निकालने के एवज में आरोपी द्वारा 10 हजार रुपये प्रतिमाह की मांग की जा रही थी। परेशान होकर आवेदक ने लोकायुक्त कार्यालय सागर में पुलिस अधीक्षक योगेश्वर शर्मा को शिकायत दी। सत्यापन के बाद गुरुवार को ट्रैप टीम गठित की गई।
लोकायुक्त टीम ने जग्गा चौराहा, टीकमगढ़ पर जाल बिछाकर आरोपी को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक रोशनी जैन, निरीक्षक कमल सिंह उइके सहित लोकायुक्त सागर की टीम शामिल रही।
हेल्पलाइन: भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत के लिए लोकायुक्त सागर संभाग के हेल्पलाइन नंबर 8435794333 पर संपर्क किया जा सकता है।


