सागर में भाजपा निकालेगी आक्रोश रैली व पदयात्रा, महिला आरक्षण मुद्दे पर विपक्ष पर साधा निशाना
सागर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे ने सागर में आयोजित पत्रकार वार्ता में ‘नारी शक्ति वंदन’ अधिनियम को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि संसद और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना उनका अधिकार है, लेकिन कांग्रेस व इंडी गठबंधन ने इसे रोककर अपनी महिला विरोधी मानसिकता उजागर की है।
उन्होंने कहा कि यह विधेयक देश की आधी आबादी को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल था, लेकिन विपक्ष ने संकीर्ण राजनीति के चलते इसे पारित नहीं होने दिया। परांजपे ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पहले भी महिला आरक्षण के प्रयासों में बाधा डाली और अब फिर महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ खड़ी हो गई है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में केंद्र व राज्य सरकारों को महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध बताते हुए कहा कि भाजपा महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
परांजपे ने बताया कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर जनता को जागरूक करने के लिए भाजपा 24 अप्रैल को सागर में बड़ी आक्रोश रैली और पदयात्रा निकालेगी। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर देशभर की महिलाएं आक्रोशित हैं और भाजपा इसे जन-जन तक पहुंचाएगी।
पत्रकार वार्ता में जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, महापौर संगीता तिवारी, पूर्व विधायक सुधा जैन सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।


