हैरिटेज सिटी के रूप में विकसित हो रहे सागर ने फिर मारी बाजी- दिल्ली में डिजिटल समावेशन और नागरिक सहभागिता अवार्ड से किया गया सम्मानित
10वें स्मार्ट सिटीज इंडिया 2025 एवं 32वें कन्वर्जेन्स इंडिया एक्सपो नई दिल्ली में सागर को अवार्ड से सम्मानित किया गया
सागर। ऐतिहासिक विरासतों और वृहद जलस्रोत वाले शहर सागर को हेरिटेज सिटी के रूप में विकसित कर नागरिकों की बेहतर जीवन गुणवत्ता के उद्देश्य से सागर में किये जा रहे सतत विकास कार्यों को राष्ट्रीय मंच पर लगातार सराहा जा रहा है दिल्ली के प्रगति मैदान में दिनांक 19 मार्च से 21 मार्च तक आयोजित एक्सपो कार्यक्रम के दौरान एक बार फिर सागर को डिजिटल समावेशन और नागरिक सहभागिता हेतु अवार्ड से पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। भारत सरकार आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, इंडिया ट्रेड प्रमोशन आर्गेनाइजेशन, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय और एक्सजीवीशन ग्रुप के संयुक्त तत्वाधान में प्रगति मैदान नई दिल्ली में 10वा स्मार्ट सिटीज इंडिया 2025 एवं 32वा कन्वर्जेन्स इंडिया एक्सपो कार्यक्रम आयोजित किया गया। नई दिल्ली में आयोजित इस एक्सपो में नगर निगम आयुक्त सह कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड श्री राजकुमार खत्री के निर्देशानुसार सागर स्मार्ट सिटी प्रतिनिधि के रूप में कम्पनी सचिव श्री रजत गुप्ता एवं पीएमसी एक्सपर्ट आशीष डे शामिल हुए और अवार्ड प्राप्त किया। उक्त आयोजन के दौरान सागर स्मार्ट सिटी के विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी स्टॉल के माध्यम से प्रदर्शित की गई। सागर स्मार्ट सिटी में डिजिटल तकनीकी के उपयोग से नागरिकों के जीवन को और बेहतर बनाने के प्रयास, लाखा बंजारा झील जीर्णोद्धार पुनर्विकास एवं सौन्दर्यीकरण से ऐतिहासिक धरोहर व जलस्रोत से नागरिकों का बड़े स्तर पर जुड़ाव को सराहा जा रहा है। चकराघाट पर गंगा आरती जैसे सांस्कृतिक आयोजन से दिन प्रतिदिन झील किनारे धार्मिक पर्यटन गतिविधियों में सकारात्मक परिवर्तन देखने मिल रहा है। शहरी स्थानीय निवासियों के साथ-साथ दूर-दूर से सागर आने वाले आगनतुक झील से जुड़ रहे हैं।
नागरिक अपने परिजनों मित्रों आदि के साथ झील किनारे प्रसन्नता के साथ समय बिताने लगे हैं। नौकयान का आकर्षण भी बढ़ा है। पुरानी नावों को नया स्वरूप देने के साथ ही पैडल बोट, मोटर बोट और क्रूज के साथ वॉटर स्पोर्ट में भी नागरिकों की रूचि बढ़ी है। डिजिटल म्यूजिकल फाउंटेन शो भी आकर्षण का केंद्र बनेगा। झील के आस-पास सुरक्षा हेतु कैमरे लगाये जा रहे हैं। पर्याप्त डिजिटल लाइटिंग व्यवस्था से झील किनारा रौशन व रंग बिरंगे नजारे से युक्त आकर्षक हुआ। स्मार्ट सिटी द्वारा डिजिटल समावेशन और नागरिक सहभागिता में नागरिकों को सशक्त बनाने के प्रयास किये जा रहे हैं। सूचना और सेवाओं तक समान पहुँच सुनिश्चित करने के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कण्ट्रोल सेंटर से विभिन्न विभागों की सेवाओं को मॉनिटर कर आवश्यक सूचनाओं को जन जन तक अनाउंसमेंट कर पहुंचाया जा रहा है। डिजिटल तकनीकों का उपयोग कर आम जीवन को सुविधाजनक बनाने के प्रयास किया जा रहा है।
निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री ने इस उपलब्धि के लिये सागर के नागरिकों और स्मार्ट सिटी की टीम को बधाई एवं शुभकामनायें दीं।