मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा

सागर / बीना। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि अयोध्या में भगवान श्री राम का जन्म हुआ यह जन जन को मालूम है लेकिन कांग्रेस वालों को यह पता नहीं है। वे शपथपत्र देकर भगवान श्री राम के काम में अड़ंगे लगाते रहे। इनको अयोध्या में भव्य मंदिर में भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण दिया गया। जीवन भर केस लड़ने वाले अंसारी जी तक आयोजन में आए लेकिन कांग्रेस वाले नहीं आए। कांग्रेस ने दरवाजे पर मुंह पर निमंत्रण को ठुकरा दिया। यह राम द्रोही भाव है। अब जनता खुद फैसला कर देगी कि जो राम का नहीं वो किसी काम का नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भगवा से इतनी नफरत है तो अपने झंडे से भगवा रंग हटा कर दिखाए देश की जनता उनको इसका अर्थ समझा देगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान महाकाल और भगवान श्री राम के बाद अब जमना तट के कृष्ण गोपाल जी के लिए संकल्प करो।

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के तीन कामों के कारण वोट मिलना चाहिए। मोदी जी की सरकार जब से बनी तब से देश में आतंकवादी घटनाएं समाप्त हो गईं। अब कहीं बम नहीं फटते। दूसरा कोविड के समय मोदी जी ने सभी को मुफ्त टीका लगवा कर पूरे देश की जनता की जान बचाई। किसी को एक पैसा भी नहीं लगा। तीसरा काम मोदी जी ने भगवान श्री राम का भव्य मंदिर बनवा कर किया जो हमारा 500 साल का संघर्ष था वह पूरा गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चुनाव उन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के लिए है जो वैराग्य का उदाहरण हैं, जिन पर सुई की नोक जितना भी कोई दाग नहीं है। और सही मायनों में उनके लिए भी नहीं यह चुनाव जनता के लिए है, जैसे कि ट्रेन का इंजन चलाता तो ड्राइवर है लेकिन मुकाम पर पहुंचते हैं सभी यात्री। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी जी ने देश की 20 करोड़ जनता को 4 करोड़ मकान दिए हैं। कांग्रेस ने एक भी मकान दिया हो तो बताए। हमारा संकल्प है मोदी जी के लिए जिन्होंने देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि हमने देश के लिए फैसले लिए हैं। सभी को मकान, रसोई गैस का कनेक्शन, मुफ्त राशन, रोजगार, आयुष्मान से 5 लाख का इलाज दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी मैंने 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग का आयुष्मान भारत योजना के कार्ड के लिए फार्म भरवाया है। इसके सब अभिनंदन करें मोदी जी का जिन्होंने तय किया कि अब बुजुर्गों का इलाज भाजपा सरकार कराएगी। गरीब की ऐसी चिंता कांग्रेस को कभी नहीं हुई। उन्होंने बताया कि अब हमारी सरकार ने 3 महीने से कम समय में यह निर्णय लिया है कि किसी बीमार को बाहर इलाज के लिए ले जाना है तो एयर एंबुलेंस का हेलीकॉप्टर आएगा और बीमार की जान बचाई जाएगी। इस एयर एंबुलेंस में डॉैक्टर,नर्स, सिलाइन वगैरह का उपचार उपलब्ध होगा ताकि बीमार को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया जा सके।

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस शुतुरमुर्ग की तरह रेत में सिर घुसाए है, उसे अपनी वास्तविकता का पता ही नहीं कि वह खत्म हो रही है। पप्पू का दिमाग खाली है। वह कह रहा है भाजपा आएगी तो संविधान खतरे में हो जाएगा। मैं पूछता हूं कि दस साल से भाजपा ही तो है। मोदी जी ही तो हैं जो जनता के दिलों पर राज करते हैं और पक्के हनुमान भक्त हैं। संविधान को कोई खतरा नहीं हुआ। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के नेता से कहा कि आप अपने परिवार का हिसाब लगाओ जिसने 105 बार संविधान को संशोधन करके बदला है। पहली बार जवाहर लाल नेहरू ने ही संविधान बदलने की शुरुआत की और 17 बार संविधान में संशोधन किए। फिर इंदिरा जी, राजीव जी, नरसिंह राव जी, मनमोहन सिंह जी के पीछे से सोनिया जी ने 100 बार संविधान में संशोधन किए। उन्होंने कहा कि आपको पप्पू इसलिए कहते हैं कि संविधान में संशोधन आप करते हो और झूठ बोलते हो। कहते हो एक झटके में गरीबी दूर कर देंगे । दस साल मम्मी ने बोला, उसके पहले राव साहब ने, उसके पहले पापा ने , फिर नानी ने और उसके पहले दादा ने यही कह कर सरकार चलाई लेकिन गरीबी दूर नहीं कर पाए। मजाक करते हो जनता से। जनता आपका एक एक पाप याद रख रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राजीव गांधी जी यह स्वीकार करते थे कि दिल्ली से जनता को भेजे गए एक रुपए में से 85 पैसा भ्रष्टाचार में चला जाता है। कांग्रेस के अर्थशास्त्री प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी इस भ्रष्टाचार को रोकने का इलाज नहीं ढूंढ सके लेकिन एक चाय बेचने वाले ने प्रधानमंत्री बन कर जीरो बैलेंस पर सबके जन धन खाते खुलवा कर यह भ्रष्टाचार रो कर दिखा दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का साफ कहना है न खाऊंगा न खाने दूंगा।

KhabarKaAsar.com
Some Other News

कुछ अन्य ख़बरें

error: इस पेज की जानकारी कॉपी नहीं की जा सकती है|
Scroll to Top