विकास की राह पर तेज़ी से बढ़ रहा पीपरा, अनेकों जनहितकारी कार्यों का शुभारंभ
सागर। राहतगढ़ ब्लाक के ग्राम पीपरा में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विभिन्न जनहितकारी निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में ग्रामीणों की उपस्थिति के बीच सड़क, पुलिया, पेयजल व्यवस्था, चबूतरा, टीनशेड सहित अन्य विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर सरपंच रोहित सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत के मार्गदर्शन एवं सहयोग से पंचायत लगातार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से ग्रामीणों को आवागमन, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का बेहतर लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि ग्राम पीपरा को एक आदर्श एवं विकसित ग्राम बनाने की दिशा में पंचायत निरंतर कार्य कर रही है। विकास हमारी पहचान और जनसेवा हमारा संकल्प है। ग्रामहित सर्वोपरि रखते हुए प्रत्येक नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही पंचायत का लक्ष्य है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, पंचायत के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


