सागर में रफ्तार का कहर: थाने के ठीक सामने कार-बाइक में जोरदार भिड़ंत, रेलिंग में घुसे वाहन, 2 ने गंवाई जान
सागर के गढ़ाकोटा रोड पर बहेरिया थाने के सामने शनिवार शाम कार और बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार उछलकर थाने की रेलिंग तोड़ते हुए परिसर के अंदर जा गिरे और कार अनियंत्रित होकर टकरा गई। दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। उनकी साली गंभीर घायल हुई है। कार में सवार दो युवकों को मामूली चोटे आई हैं। हादसा देकर पुलिस ने तत्काल घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां दो लोगों को डाक्टर ने चेकअप के बाद मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक जांच में मृतकों की पहचान रामचरण अहिरवार (28) निवासी बरायठा और सुनील अहिरवार (23) निवासी बराज के रूप में हुई है। वहीं घायल युवती की पहचान खुशबू अहिरवार (20) निवासी बम्होरी बीका के रूप में हुई है। घायल युवती ने बताया कि सुनील से शादी होने वाली थी। हालांकि परिजनों के आने के बाद स्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
पुलिस ने कार जब्त कर ली है। कार में सवार अमित यादव और एक अन्य सुरक्षित है। बहेरिया थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर ने बताया कि कार और बाइक की टक्कर में दो लोगों की मौत हुई है। मृतक कहां जा रहे थे, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। मृतकों के परिजन को घटना की सूचना दी गई है। मामला दर्ज कर घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


