सागर में रावतपुरा सरकार का चातुर्मास संकल्प संपन्न, 29 जुलाई को होगा कोटी हरिद्रा कुंकुमार्चन महाअनुष्ठान
सागर। संत शिरोमणि रविशंकर रावतपुरा सरकार का चातुर्मास व्रत एवं संकल्प रविवार को पंतनगर वार्ड स्थित वेदांती आश्रम परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ संपन्न हुआ। संकल्प के बाद आस्था मंच से संगीतमय सुंदरकांड का पाठ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
आयोजन समिति के अनुसार वेदांती आश्रम परिसर में प्रतिदिन सुबह 8 बजे और शाम 6 बजे प्रार्थना का आयोजन किया जा रहा है। वहीं दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक श्री शशिशेखर शास्त्री के श्रीमुख से संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालु धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
इधर, 29 जुलाई को धर्मश्री सागर स्थित श्री मनसा पूरण बालाजी मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले मां राजराजेश्वरी कोटी हरिद्रा कुंकुमार्चन महाअनुष्ठान की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। आयोजन स्थल पर देश के विभिन्न स्थानों से पहुंचे लगभग 1100 पंडितों, गुरु भाई-बहनों और शिष्यों द्वारा सेवा एवं व्यवस्थाओं का कार्य किया जा रहा है।
आयोजकों ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर होने वाला यह महाअनुष्ठान समस्त प्रकार के कष्ट, पीड़ा, रोगों के निवारण तथा धन-वैभव, सुख-समृद्धि और आध्यात्मिक कल्याण की कामना के लिए आयोजित किया जा रहा है। इसमें शामिल होने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं रखा गया है। सभी श्रद्धालुओं से अपने परिवार और इष्ट-मित्रों के साथ अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से भारतीय पारंपरिक वेशभूषा में आने का अनुरोध किया है। पुरुषों के लिए धोती-कुर्ता अथवा कुर्ता-पायजामा तथा महिलाओं के लिए साड़ी या सलवार-सूट निर्धारित किया गया है।
यह आयोजन श्री रावतपुरा सरकार लोक कल्याण ट्रस्ट के तत्वावधान में श्री मनसा पूरण बालाजी मंदिर परिसर, धर्मश्री, सागर में आयोजित किया जाएगा। श्रद्धालुओं में आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।


