एसडीओपी कार्यालय के सामने स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर में लाखों की चोरी, भगवान के सोने-चांदी के आभूषण और ₹50 हजार की चढ़ौती ले उड़े चोर
सागर- बंडा। नगर के एसडीओपी कार्यालय के ठीक सामने स्थित प्राचीन श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में शनिवार तड़के अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर के ताले तोड़कर भगवान के सोने-चांदी के आभूषणों सहित करीब ₹50 हजार की नगद चढ़ौती चोरी कर फरार हो गए। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
— Gajendra Thakur (@kka_news) July 26, 2026
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे मंदिर के पुजारी सुदामा प्रसाद गोस्वामी पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंदिर के मुख्य चैनल गेट और अंदर लगे लकड़ी के दरवाजे के ताले टूटे हुए थे तथा दरवाजे आधे खुले थे। अंदर जाकर देखा तो भगवान की मूर्तियों पर सजे चांदी के 5 पुराने छत्र, 10 चांदी के मुकुट, एक चांदी की बांसुरी, एक सोने का हार और करीब ₹50 हजार की नगद चढ़ौती गायब थी।घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेंद्र कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी राजेंद्र कुशवाहा ने बताया कि चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच की जा रही है तथा आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।


