मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

वोटर लिस्ट पर कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, आयोग घेराव, प्रदेशभर में कलेक्टर कार्यालयों पर प्रदर्शन

By: गजेंद्र ठाकुर
Sponsor Ad
वोटर लिस्ट पर कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, आयोग घेराव, प्रदेशभर में कलेक्टर कार्यालयों पर प्रदर्शन

वोटर लिस्ट पर कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, आयोग घेराव, प्रदेशभर में कलेक्टर कार्यालयों पर प्रदर्शन

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर प्रदेश में आंदोलन का ऐलान किया है। पटवारी ने कहा कि SIR के दौरान मतदाता सूची में हुए बदलावों का विधानसभा और बूथवार पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाना चाहिए।

पटवारी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि कांग्रेस पिछले करीब दो वर्षों से राहुल गांधी द्वारा उठाए जा रहे मतदाता अधिकार और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता से जुड़े सवालों को आगे बढ़ा रही है। कांग्रेस का आरोप है कि मध्यप्रदेश में SIR के दौरान बड़ी संख्या में नाम हटाए गए हैं और इनके कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।

कांग्रेस के अनुसार दिसंबर 2025 की ड्राफ्ट प्रक्रिया में 42,74,160 नामों से संबंधित जानकारी/फॉर्म उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई थी। फरवरी 2026 की अंतिम सूची में 5,39,81,065 मतदाता दर्ज होने तथा 34,25,078 नाम हटाए जाने का दावा कांग्रेस ने किया है। पार्टी ने ड्राफ्ट और अंतिम सूची के बीच हुए बदलावों का विधानसभा और बूथवार विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है।

पटवारी ने कहा कि प्रत्येक मतदाता को यह जानने का अधिकार है कि उसका नाम मतदाता सूची में है या नहीं और यदि नाम हटाया गया है तो उसका कारण क्या है। उन्होंने चुनाव आयोग की स्वतंत्रता, EVM-VVPAT और मतदाता सूची की पारदर्शिता से जुड़े सवालों पर भी जवाब मांगा।

28 को भोपाल में आयोग घेराव, 29 को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन

कांग्रेस ने घोषणा की है कि 28 सितंबर को भोपाल में राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इसके अगले दिन 29 सितंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर कलेक्टर कार्यालयों का घेराव किया जाएगा।

कांग्रेस की प्रमुख मांगों में चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच, वास्तविक मतदाताओं के नाम दोबारा जोड़ने का अवसर, दोषी पाए जाने वालों पर कानूनी कार्रवाई तथा चुनाव प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता शामिल है।

पटवारी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी दोहराई। उन्होंने आगामी पंचायत एवं स्थानीय निकाय चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग करते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखना जरूरी है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आने वाले दिनों में पार्टी गांव और बूथ स्तर तक जाकर मतदाता सूची की स्थिति की जानकारी लेगी। साथ ही आगामी कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में इस मुद्दे पर देशव्यापी आंदोलन की रणनीति पर चर्चा किए जाने की बात कही।

मध्यप्रदेश के सरकारी पोर्टल पर SIR-2026 के तहत मतदाता सूची और संबंधित सूचनाओं के लिंक उपलब्ध हैं।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →