लव-कुश जन्मोत्सव एवं सम्मान समारोह में शामिल हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत
शिक्षा और संस्कार से समाज को नई दिशा देने का आह्वान, मेधावी छात्र-छात्राओं एवं समाजसेवियों का सम्मान
सागर। अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा द्वारा भगवान लव-कुश जन्मोत्सव एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा सुरखी विधायक गोविंद सिंह राजपूत शामिल हुए। उन्होंने भगवान लव-कुश के आदर्शों का स्मरण करते हुए समाज की नई पीढ़ी को शिक्षा, संस्कार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि भगवान लव-कुश साहस, संस्कार, शिक्षा, स्वाभिमान, न्याय और सत्य के प्रतीक हैं। उनके आदर्शों को जीवन में उतारते हुए बच्चों को अच्छी शिक्षा और संस्कार देना समाज की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कुशवाहा समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है और समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा पीढ़ी है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, स्वरोजगार, उद्यमिता और खेलों के क्षेत्र में भी आगे बढ़ना चाहिए। युवाओं को रोजगार पाने के साथ रोजगार देने वाला बनने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।
सुरखी क्षेत्र में शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के लिए स्मार्ट क्लास शुरू की गई हैं। युवाओं को अवसर देने के लिए खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है तथा स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूत करने के प्रयास जारी हैं।
मंत्री ने बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा, सम्मान और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना जरूरी है। शिक्षित और आत्मनिर्भर बेटी परिवार के साथ समाज को भी मजबूत बनाती है।
सम्मान समारोह में कुशवाहा समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षा, समाजसेवा, चिकित्सा, कानून और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाजजनों को सम्मानित किया गया। मंत्री ने सम्मानित प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज को ऐसे प्रतिभावान युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए उनके साथ खड़ा होना चाहिए, ताकि वे भविष्य में परिवार, समाज और जिले का नाम रोशन कर सकें।
कार्यक्रम में नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, ग्वालियर लोकसभा सांसद भारत सिंह कुशवाहा, कुशवाहा समाज के राष्ट्रीय महामंत्री अर्जुन पटेल, महासचिव नारायण सिंह कुशवाहा, राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश ग्वालियर, राजेश कुशवाहा, प्रदेश अध्यक्ष उषा पटेल सहित जिला पंचायत सदस्य, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम में भगवान लव-कुश के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज की एकता, शिक्षा, संस्कार, युवा शक्ति, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लिया गया।








