पुलिस की जुआ फड़ पर दबिश, 11 जुआरी गिरफ्तार, ₹11,500 नकद बरामद
सागर। मोतीनगर थाना पुलिस ने पुरानी काली माता मंदिर के सामने पंतनगर वार्ड में चल रहे जुआ फड़ पर दबिश देकर 11 आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से ₹11,500 नगद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंतनगर वार्ड में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपयों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर 11 लोगों को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
शहर में फिर जमने लगे जुआ फड़?
पुलिस की इस कार्रवाई के बीच सूत्रों के हवाले से खबर है कि पिछले कुछ दिनों से शहर सहित जिले के कुछ इलाकों में जुआ फड़ दोबारा जमने लगे हैं। कुछ होटलों के बंद कमरों में भी जुआ चलने की चर्चाएं सामने आ रही हैं। हालांकि इन स्थानों पर चल रहे जुए की आधिकारिक पुष्टि पुलिस कार्रवाई के बाद ही हो सकेगी।
मोतीनगर पुलिस की ताजा कार्रवाई के बाद जुआ संचालकों और जुआरियों में हड़कंप की स्थिति है। अब देखना यह है कि पुलिस की कार्रवाई जुआ फड़ों तक लगातार पहुंचती है या कार्रवाई केवल कुछ चिन्हित स्थानों तक सीमित रहती है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत सहित प्र.आर. दिनेश यादव, सुनील, आरक्षक सत्येन्द्र, राजीव, अनुराग, ब्रजेन्द्र, संजय और गौरव सेन की भूमिका रही।








