मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर में भीषण सड़क हादसा: रहवासी मकानों में जा घुसा सीमेंट से भरा ट्राला, तीन घायल

By: गजेंद्र ठाकुर
Sponsor Ad
सागर में भीषण सड़क हादसा: रहवासी मकानों में जा घुसा सीमेंट से भरा ट्राला, तीन घायल

सागर में भीषण सड़क हादसा: रहवासी मकानों में जा घुसा सीमेंट से भरा ट्राला, तीन घायल

सागर। राहतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सिहोरा में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सीमेंट से भरा अनियंत्रित ट्राला सड़क किनारे स्थित रहवासी मकानों में जा घुसा। हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं, जबकि कई मकान, एक कार और ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि हादसा देर रात हुआ, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।

जानकारी के अनुसार ट्राला क्रमांक एमपी09 एचए 3673 दमोह से सीमेंट लेकर इंदौर जा रहा था। सिहोरा पहुंचने के दौरान चालक को नींद आने के कारण ट्रक का क्लीनर वाहन चला रहा था। इसी दौरान क्लीनर ट्राले पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित रघु भदोरिया सहित अन्य परिवारों के मकानों में जा घुसा।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मकानों की दीवारें भरभराकर गिर गईं। हादसे के दौरान 24 वर्षीय विवेक ठाकुर मकान के अंदर सो रहा था, जिसके ऊपर दीवार गिर गई। तेज आवाज सुनकर परिजन जागे और आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया। हादसे के कारण मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इसी दौरान राहतगढ़ थाने में पदस्थ आरक्षक अभिषेक रघुवंशी अपने जन्मदिन के अवसर पर परिवार के साथ समय बिताने के लिए ड्यूटी से सागर जा रहे थे। उन्होंने सामने से अनियंत्रित होकर आ रहे ट्राले को देखा और अपनी आंखों के सामने उसे मकान में घुसते देखा। आरक्षक ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

आरक्षक अभिषेक रघुवंशी ने ट्राले में फंसे चालक और क्लीनर को बाहर निकालने का प्रयास किया। साथ ही मकान के अंदर फंसे युवक को भी सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। इस दौरान मकान के बाहर विद्युत तार टूटकर लटक रहे थे और स्पार्किंग हो रही थी। आरक्षक ने सूझबूझ दिखाते हुए परिजनों को विद्युत तारों से दूर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जिससे एक और गंभीर हादसा होने से टल गया।

आरक्षक ने तत्काल सिहोरा टोल नाके से एंबुलेंस बुलवाई और घटना की सूचना चौकी प्रभारी अभिषेक पटेल को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों की मदद से ट्राले में फंसे चालक और क्लीनर को बाहर निकाला गया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

हादसे में सड़क किनारे खड़ी स्विफ्ट डिजायर कार और ट्रैक्टर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं ट्राले की टक्कर से विद्युत खंभा और बिजली लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे मौके पर करंट फैलने का खतरा बना हुआ था। पुलिस ने तत्काल विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली सप्लाई बंद कराई।

चौकी प्रभारी अभिषेक पटेल ने बताया कि देर रात सीमेंट से भरा ट्राला अनियंत्रित होकर गल्ला व्यापारी रघु भदोरिया के निवास में जा घुसा था। सूचना मिलते ही पुलिस स्टाफ मौके पर पहुंचा और घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण तत्काल विद्युत विभाग को सूचना देकर सप्लाई बंद कराई गई।

घटना के दौरान मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। क्षतिग्रस्त मकानों में रहने वाले परिवारों के बीच भी दहशत का माहौल रहा। हादसे में तीन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से बड़ी जनहानि टल गई।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →