तिली से धर्माश्री और राजीव नगर तक औचक जांच, QR कोड स्कैन कर परखी शराब की बोतलें, स्टॉक और बिक्री का रिकॉर्ड
सागर। शराब पीने से हुई कथित मौतों की घटनाओं के बीच प्रशासन अब शराब दुकानों की व्यवस्था को लेकर सख्त नजर आ रहा है। सोमवार रात कलेक्टर दिलीप कुमार यादव और पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा अचानक शराब दुकानों के निरीक्षण पर निकल पड़े। अधिकारियों की टीम ने शहर की कई शराब दुकानों पर पहुंचकर स्टॉक, बिक्री और भुगतान व्यवस्था की बारीकी से जांच की।
तिली, धर्माश्री, राजीव नगर, शास्त्री वार्ड और संजय ड्राइव सहित अन्य क्षेत्रों की दुकानों पर अधिकारियों ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने अपने सामने शराब की बोतलों पर अंकित QR कोड स्कैन करवाकर उनकी जानकारी भी जांची।
अधिकारियों ने शराब के स्टॉक का रिकॉर्ड, संधारण व्यवस्था और ऑनलाइन व नकद भुगतान से होने वाली बिक्री की प्रक्रिया को परखा। दुकानों के आसपास स्थित अन्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शराब खरीदने के बाद कोई भी व्यक्ति दुकान या उसके आसपास अथवा अन्य सार्वजनिक स्थान पर नियम विरुद्ध शराब का सेवन न करे। अवैध शराब की बिक्री और नियमों के उल्लंघन पर सख्ती बरतने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने साफ किया कि यह निरीक्षण केवल सागर शहर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सभी तहसीलों में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, सिटी मजिस्ट्रेट शैलेष द्विवेदी, सहायक आबकारी आयुक्त वंदना पांडे सहित पुलिस और आबकारी विभाग का अमला मौजूद रहा।
सवाल: शराब पीने से हुई मौतों के बाद अब दुकानों की जांच तेज हुई है। देखना होगा कि इन औचक निरीक्षणों से अवैध शराब की बिक्री,आदतन शराब तस्करो और संदिग्ध सप्लाई पर कितनी प्रभावी रोक लग पाती है।








