जनजातीय गौरव दिवस पर सागर केंद्रीय जेल से 9 आजीवन कैदी रिहा, रामायण और मिठाई देकर दी गई विदाई
जेल में सीखे हुनर से परिवार चलाने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की दी सलाह, परिजन लेने पहुंचे जेल परिसर
सागर। राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रविवार को सागर की केंद्रीय जेल से आजीवन कारावास की सजा भुगत रहे 9 बंदियों को रिहाई मिली। मध्यप्रदेश शासन की जेल विभाग की निर्धारित नीति के तहत इन बंदियों को विशेष सजा माफी का लाभ दिया गया। जेल से बाहर निकलते समय सभी को रामायण और मिठाई भेंट की गई। साथ ही उनके घर तक पहुंचाने के लिए भी व्यवस्था की गई थी। रिहाई की सूचना मिलने के बाद बंदियों के परिजन उन्हें लेने जेल परिसर पहुंचे।
इस मौके पर जेल प्रबंधन ने सभी रिहा हुए बंदियों को मिठाई खिलाकर विदाई दी। जेल अधीक्षक रमेशचंद्र आर्य ने बंदियों को भविष्य में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि जेल में रहते हुए उन्होंने जो प्रशिक्षण और कौशल हासिल किया है, उसे रिहाई के बाद रोजगार के रूप में अपनाएं। इससे वे अपने परिवार की जिम्मेदारी निभाने के साथ समाज में भी सकारात्मक भूमिका निभा सकेंगे।
रोजगार से जोड़ने के लिए जेल में दिया गया व्यावसायिक प्रशिक्षण
जेल में बंदियों के पुनर्वास और रिहाई के बाद उनके बेहतर जीवन की संभावनाएं तैयार करने के उद्देश्य से अलग-अलग कामों का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें टेलरिंग, कारपेंट्री, लोहारी, भवन मिस्त्री और भवन निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। जेल प्रशासन का उद्देश्य है कि सजा पूरी होने या रिहाई के बाद बंदियों के पास आजीविका का कोई साधन हो, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और समाज की मुख्यधारा में दोबारा अपनी जगह बना सकें।
जेल प्रबंधन ने रिहा हुए बंदियों को प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए कामों का उपयोग करने और मेहनत के दम पर नई शुरुआत करने की सलाह दी।
इन 9 बंदियों को मिली रिहाई
राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर सागर केंद्रीय जेल से रिहा होने वालों में होतीलाल पिता अर्जुन चढ़ार, बाबू सिंह पिता लक्ष्मण गौड़, भंवर सिंह पिता बैनीप्रसाद राजपूत, सूरज पिता श्यामसुंदर जाटव, सोनू उर्फ सचिन पिता नरेश सोनकर, प्रवीण पिता खिलान कुर्मी (खुली जेल सागर), राकेश उर्फ गब्बू पिता दशरथ धानक, केशरीनंदन पिता परमलाल अहिरवार और मोहन उर्फ मनमोहन पिता देवसिंह लोधी शामिल हैं।








