युवक की मौत के बाद बढ़ा विरोध, महिलाओं ने दी चेतावनी- दुकान नहीं हटाई तो शुरू करेंगे आंदोलन
सागर। मछरयाई क्षेत्र में शराब दुकान के पास शराब पीने के बाद एक व्यक्ति की मौत होने की घटना के बाद अब स्थानीय लोगों का आक्रोश सामने आने लगा है। रविवार को क्षेत्र की महिलाओं ने शराब दुकान के विरोध में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने दुकान को रहवासी इलाके से तत्काल हटाने की मांग उठाई।
प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने महिलाओं से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी और शांत कराया। इस दौरान महिलाओं ने अपनी मांग दोहराते हुए कहा कि क्षेत्र में शराब दुकान रहने से स्थानीय लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से उनकी मांग पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
दुकान नहीं हटी तो आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि रहवासी क्षेत्र में शराब दुकान संचालित होने के कारण आए दिन विवाद और अव्यवस्था की स्थिति बनती है। उनका आरोप है कि शराब पीने के बाद कुछ लोग देर रात तक हंगामा करते हैं और जुआ जैसी गतिविधियों में भी शामिल रहते हैं। इससे इलाके का माहौल प्रभावित हो रहा है।
महिलाओं ने यह भी कहा कि शराब दुकान के आसपास असामाजिक गतिविधियों के चलते महिला और युवतियों को रास्ते से निकलने में असहजता होती है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द दुकान को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं हुई और शराब दुकान नहीं हटाई गई, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगी।








