मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष पद पर फिर होगी पुनर्मतगणना

By: गजेंद्र ठाकुर
Sponsor Ad
सागर जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष पद पर फिर होगी पुनर्मतगणना

24 सितंबर को दोपहर 1:30 बजे होगी मतगणना, प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी; निष्पक्षता के लिए पूर्व न्यायाधीश जस्टिस संजय द्विवेदी रहेंगे पर्यवेक्षक

सागर। जिला अधिवक्ता संघ सागर के अध्यक्ष पद को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर पुनर्मतगणना तक पहुंच गया है। मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद, जबलपुर की विशेष समिति ने अध्यक्ष पद के मतों की दोबारा गिनती कराने का आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक पुनर्मतगणना 24 सितंबर को दोपहर 1:30 बजे की जाएगी।

पुनर्मतगणना के दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इसकी रिकॉर्डिंग चुनाव अधिकारी केपी दुबे के पास सुरक्षित रखी जाएगी। प्रक्रिया को निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए उच्च न्यायालय जबलपुर के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस संजय द्विवेदी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

उप-निर्वाचन अधिकारी एवं प्रवक्ता महेश नेमा ने बताया कि राज्य अधिवक्ता परिषद के निर्देश के बाद पुनर्मतगणना को लेकर आवश्यक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। मतों की दोबारा गिनती के दौरान वीडियोग्राफी की व्यवस्था भी रहेगी।

21 अगस्त को हुआ था मतदान

जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव के लिए सागर में 21 अगस्त को मतदान कराया गया था। चुनाव में कुल 1336 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। इसके बाद 22 अगस्त को मतगणना हुई थी।

मतगणना के बाद अधिवक्ता अंकलेश्वर दुबे अधिक मत मिलने के आधार पर खुद को विजेता मान रहे थे। हालांकि, इसके बाद मतगणना में गिने गए मतपत्रों की संख्या को लेकर विवाद सामने आया।

प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी अधिवक्ता संजय द्विवेदी ने मतों की गणना में अंतर होने का आरोप लगाते हुए आपत्ति दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि 1350 मतपत्रों के बजाय 1355 मतपत्रों की गिनती की गई। इसी आपत्ति को लेकर उन्होंने मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद के समक्ष अपील की थी। अब परिषद की विशेष समिति के आदेश के बाद 24 सितंबर को अध्यक्ष पद के मतों की पुनर्मतगणना कराई जाएगी।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →