मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

पुलिस को ही चुनौती, एसीपी के घर ताले टूटे, 6 लाख से ज्यादा कैश और 20 तोला सोना चोरी

By: गजेंद्र ठाकुर
Sponsor Ad
पुलिस को ही चुनौती, एसीपी के घर ताले टूटे, 6 लाख से ज्यादा कैश और 20 तोला सोना चोरी

पुलिस को ही चुनौती! एसीपी के घर ताले टूटे, 6 लाख से ज्यादा कैश और 20 तोला सोना चोरी

एसीपी के घर ही टूटे ताले, लाखों का माल पार
पुलिस अफसर के घर चोरी से राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

भोपाल। राजधानी भोपाल में चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा कोलार इलाके में हुई चोरी की वारदात से लगाया जा सकता है। इस बार बदमाशों ने आम नागरिक नहीं, बल्कि ट्रैफिक एसीपी विजय दुबे के घर को ही निशाना बना दिया। घर के ताले तोड़कर बदमाश लाखों रुपये की नगदी, सोने और चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।

वारदात कोलार थाना क्षेत्र के डीके-2 स्थित एसीपी विजय दुबे के मकान में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात हुई। घटना के समय परिवार का कोई सदस्य घर में मौजूद नहीं था। बदमाशों ने घर में रखी करीब 6 लाख रुपये से अधिक की नगदी, करीब 20 तोला सोना और चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।

बताया गया है कि एसीपी ने कुछ महीने पहले करीब 20 लाख रुपये का पर्सनल लोन लिया था, जिसमें से लगभग 6 लाख रुपये घर में रखे थे। इसके अलावा पुश्तैनी जेवर तथा परिवार के अन्य सदस्यों के जेवर भी घर में रखे थे, जिन्हें चोर ले गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और कोलार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

लेकिन बड़ा सवाल यह है कि जब राजधानी में पुलिस अधिकारी का घर भी चोरों से सुरक्षित नहीं है तो आम नागरिक अपनी सुरक्षा को लेकर किस पर भरोसा करे? कोलार क्षेत्र में इससे पहले भी चोरी की बड़ी वारदातें सामने आ चुकी हैं। भाजपा नेत्री के घर हुई चोरी की घटना के बाद अब एसीपी के घर चोरी ने पुलिस की रात्रि गश्त और इलाके की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल पुलिस पुराने चोरी के मामलों के आरोपियों और संदिग्धों की जानकारी जुटाने के साथ सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है। अब देखना यह है कि पुलिस इस चुनौती का जवाब कितनी जल्दी देती है और लाखों की चोरी करने वाले बदमाश कब तक कानून के शिकंजे में आते हैं।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →