मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

पदभार संभालते ही एक्शन में महिला एवं बाल विकास आयुक्त, इंदौर में बाल संस्थाओं का निरीक्षण

By: गजेंद्र ठाकुर
Sponsor Ad
पदभार संभालते ही एक्शन में महिला एवं बाल विकास आयुक्त, इंदौर में बाल संस्थाओं का निरीक्षण

पदभार संभालते ही एक्शन में महिला एवं बाल विकास आयुक्त, इंदौर में बाल संस्थाओं का निरीक्षण

भोपाल। महिला एवं बाल विकास आयुक्त श्री संदीप जी.आर. ने पदभार संभालते ही विभागीय योजनाओं और संस्थाओं की जमीनी व्यवस्थाओं की समीक्षा शुरू कर दी है। शुक्रवार को उन्होंने इंदौर पहुंचकर राजकीय बाल आश्रम, ऑब्जर्वेशन होम, स्पेशल होम और वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों और महिलाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और जरूरतें जानीं।

राजकीय बाल आश्रम में आयुक्त ने बच्चों से बातचीत कर शिक्षा, भोजन, स्वास्थ्य और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को बच्चों से संबंधित सभी अभिलेख व्यवस्थित और अद्यतन रखने के निर्देश दिए। ऑब्जर्वेशन होम और स्पेशल होम में उन्होंने बच्चों की पढ़ाई, रुचियों, करियर और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की।

शिक्षा के साथ कौशल विकास पर जोर

आयुक्त ने कहा कि बाल संस्थाओं में बच्चों को केवल मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं है। उन्हें शिक्षा के साथ उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप कौशल एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने पर भी ध्यान दिया जाए। उन्होंने बच्चों की नियमित पढ़ाई और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं की समीक्षा

वन स्टॉप सेंटर के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने हिंसा और संकट से प्रभावित महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही आपातकालीन सहायता, परामर्श और विधिक सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने महिलाओं से बातचीत कर सेवाओं की स्थिति और उनकी उपयोगिता का फीडबैक भी लिया।

आयुक्त ने सभी संस्थाओं में स्वच्छता, पोषण, स्वास्थ्य और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों और महिलाओं को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं और सुझावों के आधार पर सेवाओं में लगातार सुधार किया जाना चाहिए। अधिकारियों को संस्थाओं की नियमित निगरानी कर कमियां मिलने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →